एक सूचना के अनुसार, लीबिया के राष्ट्रपति कर्नल गद्दाफी ने ट्यूनीसिया की रोजमर्रा की घटनाओं पर नजर रखने और उनकी आंखों देखा हाल उन्हें बताने के लिए ट्यूनीसिया में अपने गुप्तचर छोड़ रखे हैं। ये लोग वहां के नागरिक बन कर तथा एक ही साथ सत्तारूढ़ पक्ष और विपक्षी पार्टियों के प्रभावशाली नेताओं के विश्वासपात्र बन कर अंदरूनी बातें मालूम कर लेते हैं। गद्दाफी को डर है कि जनतांत्रिक मूल्यों की पक्षधर नई उदारवादी सरकार कहीं अमरीकी खेमे में न चली जाए। वे ऐसा नहीं होने देना चाहते क्योंकि उन्हें ट्यूनीसिया के माध्यम से अन्य उत्तर अफ्रीकी देशों की अंदरूनी राजनीति में दखल देने में आसानी होती है। लीबिया की जबरदस्त हस्ती का ट्यूनीसिया भी कायल है, मगर वह अन्य देशों से बिगाड़ मोल लेकर लीबिया के साथ कई गठबंधन करने को उत्सुक नहीं है।